महराजगंज। राजकीय माध्यमिक स्कूलों में संसाधन व अन्य कार्यों में सहयोग करने वाला प्रोजेक्ट अलंकार माध्यमिक संस्कृत स्कूलों को भी मदद उपलब्ध कराएगा।
शासन की तरफ से प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों का दायरा बढ़ा दिया गया है। इसके संदर्भ में पत्र भी डीआईओएस कार्यालय को प्राप्त हुआ है, जिसमें इस योजना से होने वाले कार्यों की गुणवत्ता निर्धारण के लिए टास्क फोर्स गठित करने के लिए भी निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक स्कूलों की व्यवस्था में बदलाव के लिए प्रोजेक्ट अलंकार से जनपद में तीन करोड़ रुपये से अधिक कार्य हुए। किसी राजकीय में अतिरिक्त कक्षा निर्माण तो कहीं लैब व लाइब्रेरी भवन बने। इस बार इस प्रोजेक्ट योजना को वृहद कर दिया गया है।
निर्माण के साथ-साथ अब लैब की सामाग्री, लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें, स्मार्ट क्लास इत्यादि प्रबंध भी हो सकेंगे। इसके साथ-साथ वह संस्कृत माध्यमिक स्कूल जिनमें पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या 100 से अधिक है।
वह स्कूल भी इस योजना से मदद प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए प्रस्ताव डीआईओएस कार्यालय को देने होंगे। साथ ही जनपद स्तर पर एक कमेटी भी गठित होगी जो प्रोजेक्ट अलंकार से होने वाले कार्य व खरीदे गए संसाधनों की गुणवत्ता प्रमाणित करते हुए रिपोर्ट देगी।