टीकाकरण बढ़ाने में सहयोग करेंगी समूह की महिलाएं
छह ब्लॉकों के लिए बनी व्यवस्था, कार्य से पहले मिलेगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जनपद के छह ब्लॉकों में नियमित टीकाकरण को बढ़ाने में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सहयोग करेंगी। इसके लिए समूह से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
बुधवार को विकास भवन में क्लिटंन हेल्थ एक्सेस इनिशिएटिव (सीएचएआई) संस्था द्वारा जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित कर राष्ट्रीय आजीविका मिशन से जुड़े जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि हर मां और और बच्चे के लिए टीकाकरण जरूरी है। टीकाकरण करा कर कुल 11 बीमारियों से बच्चों को बचाया जा सकता है। टीकाकरण की सुविधा सरकार की तरफ से बिल्कुल मुफ्त में दी जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर टीकाकरण बढ़ाने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं महिलाओं का सहयोग अपेक्षित है। सभी महिलाओं को टीकाकरण के फायदे के बारे में बताया जाए, जिससे टीकाकरण से वंचित अपने तथा आसपास के बच्चों को टीका लगवाने में विशेष सहयोग कर सकें।
डिप्टी सीएमओ डॉ.आईए अंसारी ने कहा कि संस्था नीति आयोग द्वारा चयनित जनपद के छह ब्लॉकों में काम करेगी। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के डिस्ट्रिक्ट मिशन मैनेजर( डीएमएम) संतोष भारती ने सभी ब्लॉक मिशन मैनेजर्स (बीएमएम) से कहा कि सभी लोग मासिक बैठक में फूड न्यूट्रिशन हेल्थ वर्कर ( एफएनएचडब्लू) एवं समूहों से जुड़ी महिलाओं को टीके के महत्व के बारे में बताएं और जागरूक करें। इस कार्य में सीएचएआई संस्था का सहयोग लिया जाए।