आबकारी विभाग ने दोबारा निरीक्षण का दिया आश्वासन
महराजगंज। निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चंदा गुलभार में आबादी के बीच संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शनिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर दुकान को आबादी से बाहर स्थानांतरित कराने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में जिलेबा देवी, संतोषी, बबिता देवी, मीना, सरिता, गिरिजा, सुमन समेत दर्जनों महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं का कहना है कि गांव के बीच शराब की दुकान संचालित होने से दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे महिलाओं और छात्राओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब की आसान उपलब्धता के कारण घरेलू हिंसा की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो रही है और गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की कि शराब की दुकान को आबादी से हटाकर अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगी।
उधर, आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। ग्राम पंचायत चंदा गुलभार में शराब की दुकान नियत स्थान पर संचालित है। इसके बावजूद ग्रामीणों की आपत्ति को देखते हुए विभागीय टीम से पुनः स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा। यदि आवश्यक हुआ तो नियमानुसार दुकान को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाएगी।