ट्रेन की चपेट से महिला की जान गई
फरेंदा (महराजगंज)। गोरखपुर आनंदनगर रेल खंड पर धानी ढाला के निकट ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। इसकी सूचना परिजनों को मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के सिधवारी लोहारटोला निवासी नसीमा (35) सोमवार को दिन में चार बजे के करीब अपने डेढ़ वर्ष की बच्ची जोया को लेकर दवा लेने के लिए जा रही थीं। घर से थोड़ी दूर पहुंची थीं कि रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गईं। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो र्गइं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घायल महिला को इलाज के लिए नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सक ने नसीमा को मृत घोषित कर दिया। ट्रेन की चपेट में आते समय ही महिला के हाथ से बच्ची दूर छिटक कर जा गिरी। इससे उसकी जान बच गई। महिला के दो बच्चे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिनेश दत्त मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उचित कार्रवाई की जाएगी।