आग लगने की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को आग लगने से 40 किसानों की लगभग 55 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आंखों के सामने फसल स्वाहा होती देख एक महिला ने पोखरे में कूदकर खुदकुशी का प्रयास किया।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के बड़हरा इन्द्रदत्त में बुधवार की दोपहर में गांव के दक्षिण में स्थित शिवपूजन के खेत से होकर गुजर रहे बिजली के तारों के आपस में टकराने से गिरी चिंगारी हवा का साथ पाकर कुछ ही क्षणों में विकराल रूप धर गई। खेत में खड़ी गेहूं की फसल धू-धू कर जलने लगीं। इसी बीच गांव के उत्तर में स्थित ट्रांसफार्मर भी दग गया।
इसके चलते वहां भी फसल ने आग पकड़ ली। एक साथ दो जगह अगलगी की घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। तेज पछुआ हवा से आग तेजी से फैली। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। तब तक करीब 50 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी।
आग से कई परिवारों के सपने स्वाहा हो गए। फसल जलती देखकर शहाबुल्लाह व झीनक बेहोश होकर गिर पड़े और काफी देर बेसुध रहे। वहीं जरीना सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकी और आत्महत्या की नीयत से नजदीक के पोखरे में कूद पड़ीं। गनीमत रही कि लोगों ने उनकी जान बचा ली।
अगलगी की घटनाओं से त्वरित निपटने की शासनिक प्रशासनिक व्यवस्था भी यहां सिफर साबित हुई। आग बुझने पर दमकल पहुंचा। घटना की जानकारी होते ही पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह व जिला पंचायत सदस्य दीपक पांडेय मौके पर पहुंच किसानों की पीड़ा से रूबरू हुए।
इस अगलगी में अब्दुल्लाह की तीन एकड़, इनमुल्लाह की चार एकड़, मजीबुल्लाह का एक एकड़ सहित किशुन, परशुराम, असबुद्दीन, शरवरे आलम, झीनक, राधेश्याम, शमशुल्लाह, पारस, जीतमोहम्मद, समसुद्दीन, सादिक, असबुद्दीन, मोहम्मदरजा, विशुन ,अनवर अली, इशहाक, जीत बहादुर सहित करीब तीन दर्जन लोगों की फसलें विद्युत विभाग की लापरवाही से अगलगी की शिकार हो गईं।
लक्ष्मीपुर प्रतिनिधि के अनुसार बड़हरा कन्हई व अगया के सीवान में बुधवार की सुबह नौ बजे अचानक आग लगने से लगभग पांच एकड़ गेंहू की फसल जल कर राख हो गई । ग्रामीणों व दमकल कर्मियो ने किसी तरह आग पर काबू पाया। बड़हरा कन्हई गांव के पूर्व दिशा में सर्वप्रथम आग की लपटें उठीं। देखते ही देखते आग अगया , सैल्दह व कवल्दह गांव के पास भी पहुंच गई।
तीनों ग्राम सभा के ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने के लिए पम्पसेट व बाल्टी से पानी उड़ेल कर किसी तरह आग पर काबू पाया। इसी बीच फायर ब्रिगेड के लोग भी पहुंच गए । आग से लगभग 20 एकड़ रकबे में फैली थी। जिसमें से काफी फसल पहले ही कट चुकी थी। करीब पांच एकड़ गेहूं की फसल जल कर राख हो गयी है।