गैस सिलिंडर धमाके में घायल महिला की मौत
फरेंदा(महराजगंज)। धानी ढाला तिराहे के पास एक मकान में 13 जून की सुबह करीब 6:30 बजे रसोई गैस सिलिंडर में हुए धमाके में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय इमराना की भी शुक्रवार को मौत हो गई। धमाके में घायल एक परिवार के तीन लोगों की पहले ही मौत हो चुकी है। घायल एक अन्य महिला की हालत अब भी गंभीर है।
फरेंदा थानाक्षेत्र के धानी ढाला के समीप एक मकान में 13 जून की सुबह चाय-नाश्ता बनाते वक्त रसोई गैस सिलिंडर में धमाके से एक ही परिवार के जमील अहमद (60), जावेद अहमद (30), निसार अहमद (38), इमराना खातून (35), फातिमा (30) व पांच वर्षीय अलमास गंभीर रूप से झुलस गए थे। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में जमील अहमद, जावेद अहमद व अलमास की बुधवार को मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार रात करीब 9 बजे इमराना खातून ने भी दम तोड़ दिया। घायल फातिमा की हालत चिंताजनक है। मासूम समेत चार लोगों की मौत की सूचना पहुंची तो परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय ने इलाज के दौरान परिवार के चौथे सदस्य की मौत की पुष्टि की है।
ऐसा दिन किसी को देखना न पडे़
फरेंदा। चार दिनों के भीतर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। बुधवार शाम एक साथ परिवार के तीन सदस्य जमील अहमद, जावेद अहमद व मासूम अलमास का शव गांव लाया गया तो लोग फफक पडे़। पैत्रिक गांव सिधवारी के टोला मुजौलिया से परिवार के तीन लोगों का जनाजा एक साथ निकला था। गंभीर रूप से झुलसी इमराना खातून की मौत के बाद गांव से उठे चौथे जनाजे को कंधा देने वाले लोग ऊपर वाले से यही दुआ कर रहे हैं कि ऐसा दिन किसी को देखना न पड़े।
उजाड़ गया जमील अहमद का कुनबा
फरेंदा। रसोई गैस सिलिंडर धमाके में गंभीर रूप से झुलसे परिवार के छह सदस्यों में पिता जमील अहमद, पुत्र जावेद अहमद व पोते अलमास व बहू इमराना की मौत की खबर सुनकर लोग सहम गए। रविवार सुबह जमील के परिवार के लिए अमंगल साबित हुआ। एक धमाके ने जमील अहमद का पूरा कुनबा उजड़ दिया।