भैया फरेंदा चौराहे पर हुआ हादसा, परिवार में मची चीख-पुकार
फरेंदा। गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर भैया फरेंदा अंडरपास के बगल में बृहस्पतिवार को दिन में करीब एक बजे बाइक पर बैठी महिला चक्कर आने से अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। इससे घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। परिजन को घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर चौराहा निवासी सावित्री (60) बृहस्पतिवार को दिन में अपने बेटे के साथ फरेंदा की तरफ दवा कराने गई थी। करीब एक बजे वह घर लौट रही थीं। अभी वह भैया फरेंदा अंडर पास के बगल में पहुंची थीं कि चक्कर आने के कारण अनियंत्रित होकर बाइक से नीचे गिर गई। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां पर पहुंचते ही चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिए। महिला की मौत की खबर घर के लोगों को मिली तो घर में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है।