दो अक्तूबर की घटना, पडरौना से रामकोला स्थित फरना गांव लौट रही थी महिला
रामकोला। पडरौना से अपने रामकोला स्थित फरना गांव लौट रही एक महिला को रास्ते में मिले तीन युवकों ने झांसे में लेकर उसका बैग उड़ा लिया। बैग में महिला के गले का मंगलसूत्र और कान की बाली सहित कुछ नकद रुपये थे। इस संबंध में उसने रामकोला थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, फरना गांव के वार्ड नंबर 14 निवासी गीता देवी ने पुलिस को बताया कि घटना 2 अक्तूबर को करीब 10 बजे हुई थी। वह पडरौना से ई-रिक्शा में बैठकर घर जा रही थी। रास्ते में तीन युवक ई-रिक्शा पर सवार हुए थे। युवकों ने खुद को फरना का निवासी बताया। उन्होंने गीता देवी को विश्वास में लिया। युवकों ने महिला से कहा कि वह अपनी कान की बाली और गले का मंगलसूत्र उतारकर बैग में रख लें। महिला ने उनकी बात पर विश्वास कर लिया।
रामकोला कस्बे में ई-रिक्शा से उतरने पर बैग नहीं मिला। गीता देवी ने तीनों युवकों को खोजने का प्रयास किया लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। ई-रिक्शा चालक ने भी युवकों को पहचानने से इन्कार कर दिया। गीता देवी ने अपनी तहरीर में आशंका जताई है कि उन्हीं तीन युवकों ने उनका बैग गायब किया है। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की पुलिस जांच कर रही है।