अस्पताल पर विवाद के बाद भीड़ को शांत करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : MAHARAJGANJ
निजी अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
महराजगंज। शहर के जिला उद्योग मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों में जमकर हंगामा किया। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस मामले को शांत कराकर जांच व पूछताछ में जुट गई।
मामले में मृतक महिला के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर निजी अस्पताल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। निचलौल नगर के कोर्ट वार्ड निवासी अनिल मद्धेशिया ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि 16 जून को बेटी पूजा की गर्भावस्था के चलते तबीयत बिगड़ गई। उसकी इलाज के लिए महराजगंज शहर के जिला उद्योग मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक द्वारा पूजा का ऑपरेशन किया गया। इस दौरान पूजा को स्वस्थ बच्ची पैदा हुई। ऑपरेशन होने के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे। लेकिन 17 जून की दोपहर चिकित्सक द्वारा बताया गया कि पूजा की तबीयत अचानक खराब हो चुकी है। उसकी कमर और पेट में दर्द है। तत्काल एक यूनिट ब्लड की जरूरत है।
चिकित्सक के मुताबिक ब्लड का इंतजाम कर चिकित्सक को दिया गया। उसके बाद चिकित्सक ने बताया कि पूजा की तबीयत ठीक हो चुकी है। आप लोग शेष रकम को जमा कर दीजिए। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की बिल को जमा करने के बाद आईसीयू में जाकर देखा तो पूजा की मौत हो चुकी थी। इतना ही नहीं, विरोध करने पर अस्पताल कर्मियों द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। कोतवाल मनीष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के मुताबिक मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। जबकि क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।