पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना अंतर्गत सबया हेवती मोड़ के समीप सोमवार की सुबह ई-रिक्शा की टक्कर से पैदल जा रही महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद ई-रिक्शा पलटने से चालक सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सभी घायलों को सीएचसी भेजा दिया है।
जानकारी के अनुसार, सबयां हेवती मोड़ के समीप पैदल टहलने जा रही सबयां उत्तर टोला निवासी लाइची देवी (65) को तेज रफ्तार ई-रिक्शा से टक्कर लग गई। वह घायल होकर जमीन पर गिर गईं। इसके बाद अनियंत्रित ई-रिक्शा आगे जाकर पलटी। हादसे में चालक सुनील (35) सहित सवारियां नीलम (26), नीशू (9) और किशुन (11) घायल हो गए। महाशय मोहल्ला निचलौल के निवासी सभी घायल ई-रिक्शा से हेवती जा रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा बाजार भेजा गया, डॉक्टरों ने लाइची देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं चालक समेत चार अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही के लिए भेजा गया है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।