महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के सोहगौरा गांव में खेत की सिंचाई करने के लिए लगाए गए बिजली के तार के सम्पर्क में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची चौक पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार गांव से सटे एक खेत मे धान की नर्सरी को जंगली जानवरों से बचाने के लिए, सिंचाई करने के लिए एक किसान ने बिजली का तार खेत में बिछाया था। इसी खेत के मेड से बिंदु (32) धान की रोपाई करने जा रही थी कि अचानक करंट के चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौत हो गई। खेत जा रहे किसी ग्रामीण ने एक महिला को जमीन पर पड़ा देख शोर मचाया तो कुछ लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच कर शव का पंचनामा किया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिंदु के पति भी मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। उसके दो छोटे छोटे बच्चे हैं। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।