मिठौरा। चौक थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव में रास्ते पर कूड़ा रखने और हटाने को लेकर हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। पीड़िता ने अपने ही पटीदारों पर लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है।
विजयपुर निवासी दुर्गावती देवी ने थाना चौक पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह घर का कूड़ा बाहर निकाल रही थीं। इसी दौरान रास्ते में कूड़ा रखने और हटाने को लेकर पट्टीदार सुमित्रा गौतम, अनिरुद्ध गौतम, आकाश गौतम से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विरोध करने पर सभी ने एकजुट होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दुर्गावती देवी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति जयकेश भारती को भी आरोपियों ने बेरहमी से पीटा गया, जिससे उन्हें भी गंभीर चोटें आई। थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया की उक्त मामले मे तहरीर प्राप्त हुई है जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है l