महराजगंज। सर्दी बढ़ते ही गर्म कपड़ों का बाजार भी सज गया है। व्यापारियों का मानना है कि गर्म कपड़ों के भाव में पिछले साल के मुकाबले ज्यादा वृद्धि नहीं है। बच्चों को ठंड से बचाने के लिए बाजार में दस्ताने, इनर, टोपी, मोजे, स्वेटर आदि की मांग है। कंबल, शाल, स्वेटर जैकेट की बिक्री भी शुरू हो गई है। ठंड को देखते हुए फुटपाथ पर लगीं गर्म कपड़ों की दुकानें से लेकर सेल लगाकर गर्म कपड़ों की बिक्री हो रही है।
व्यापारी राहुल ने बताया कि बाजार में कैप विद मफलर की नई वैरायटी आई है। इसमें गर्म टोपी के साथ मफलर है। टोपी और मफलर का बाहरी हिस्सा ऊन का है। इसकी कीमत 450 रुपये से शुरू है। गर्म नाइट सूट युवतियों की पहली पसंद है। इनकी कीमत 500 रुपये से शुरू है। गर्म कुर्ती की भी नई डिजाइन उन्हें लुभा रही है। वहीं बच्चों के लिए भी विभिन्न प्रकार की वैरायटी उपलब्ध है।
दुुकानदार विकास बताते हैं कि 500 से लेकर 2000 तक के स्वेटर और जैकेट हैं। युवा लेदर लुक जैकेट ज्यादा पसंद कर रहे हैं। वहीं महिलाओं के लिए शॉल, जैकेट, कुर्ती और ऊनी लैगिंग हैं। मौसम का मिजाज देखते हुए इस बार काम अच्छा होने की उम्मीद है।
दुकानदार मनोज कुमार ने बताया कि अभी सर्दी का शुरुआती दौर है। इस समय हाफ जैकेट और स्वेटर, गर्म शर्ट व टी शर्ट आदि की मांग है। वहीं महिलाएं ज्यादातर जैकेट, स्टॉल, शाल आदि की खरीदारी कर रही हैं। इसके साथ ही हैवी जैकेट आदि गर्म कपड़ों की बिक्री भी शुरू हो गई है। इस बार नए स्टाइल की स्वेटर-शर्ट, जैकेट और हाईनेक टीशर्ट की मांग तेज है।