निचलौल। कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी गांव में हुई वारदात से लोग हैरान हैं। शनिवार को पूरे दिन नागेश्वर की हत्या और उसकी पत्नी की करतूतों की चर्चा होती रही। वहीं, पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। सूत्रों के मुताबिक पत्नी से मिलने पहुंचे नागेश्वर को पहले शराब पिलाई गई उसके बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए गए थे। पत्नी नेहा ने गला दबाया और उसका प्रेमी जितेंद्र ताबड़तोड़ वार करता रहा। राजाबारी निवासी केशव राज ने पुलिस को बताया कि उनका बड़ा बेटा नागेश्वर काम के सिलसिले में अक्सर नेपाल आता-जाता था। करीब छह वर्ष पहले नवलपरासी जिले के गोपालपुर निवासी नेहा से उसकी नजदीकियां हो गईं। कुछ ही दिन बाद दोनों ने शादी कर ली। दोनों का एक बेटा आदविक है। केशव का आरोप है कि करीब एक साल से नेहा की नजदीकी गांव के ही रहने वाले जितेंद्र से हो गई थी। नागेश्वर ने इस रिश्ते का विरोध किया तो नेहा बेटे को लेकर जितेंद्र के साथ महराजगंज शहर में एक किराये के मकान में रहने लगी थी। नागेश्वर ने उसे काफी समझाया लेकिन वह घर लौटने को तैयार नहीं थी।
सूत्रों के मुताबिक नेहा ने पुलिस की पूछताछ में बताया है कि शुक्रवार की शाम नागेश्वर उससे मिलने पहुंचा था। नेहा ने नागेश्वर को खूब शराब पिलाई। नशे में नागेश्वर के अचेत होने पर हाथ-पैर बांध दिए और फिर सीने पर चढ़कर उसका गला घोटने लगी। इस दौरान जितेंद्र भी नागेश्वर को पीटता रहा। नागेश्वर की मौत हो जाने पर दोनों ने उसे नहलाकर कपड़ा पहनाया और हादसे में मौत दिखाने के बाद शव नागेश्वर की ही बाइक पर ले जाकर निचलौल-सिंदुरिया मार्ग स्थित दमकी गांव के पास फेंक दिया।