चौक बाजार। महराजगंज मार्ग पर शनिवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती कंबाइन मशीन की चपेट में आ गए। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना रात करीब 11 बजे रामपुर बुजुर्ग चौराहे से लगभग 400 मीटर पूरब स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतका की पहचान सदिकून निशा पत्नी अनवर निवासी बागापार टोला लखनपुर, थाना सदर कोतवाली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अनवर का पुत्र सलमान नाराज होकर मुम्बई चला गया और वहीं रह रहा था। कुछ दिन पहले उसने मां सदिकून से फोन पर घर आने की बात कही थी। बेटे की वापसी की खबर सुनकर अनवर और सदिकून शनिवार की रात मोटरसाइकिल से उसे लेने महराजगंज बस स्टेशन जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग चौराहे से आगे एक पेट्रोल पंप के करीब सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कंबाइन मशीन की चपेट में आने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। कंबाइन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल भेजवाया, डॉक्टरों ने सदिकून निशा को मृत घोषित कर दिया और अनवर की हालत गंभीर बताई। बच्चे सलमान, अमजल, अबरार, कैश, आफरीन और मरजीना का रो-रोकर बुरा हाल है। बागापार चौकी प्रभारी मनीष कुमार पटेल ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।