महराजगंज। विकास भवन में बुधवार को एक बाबू की पत्नी ने बुर्के में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पति पर दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि उसने अपने पति को कलक्ट्रेट के बाहर चाय की दुकान पर एक महिला के साथ देखा। दुकान पर हंगामे होते देख पति भागकर विकास भवन पहुंचा, लेकिन महिला पीछा करते हुए वहां पहुंच गई।
महिला ने बताया कि वह झारखंड की रहने वाली है। उसका पति विकास भवन में बाबू के पद पर तैनात है। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध है, जिसका पता उसे मोबाइल चैट देखने के बाद चला। इसी आधार पर वह बुधवार को बुर्के में पति को रंगे हाथ पकड़ने के इरादे से विकास भवन पहुंची। महिला का कहना है कि कई बार उसने उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के दौरान कार्यालय के सहकर्मियों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की। कलक्ट्रेट चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, पति-पत्नी के विवाद की सूचना मिली थी, लेकिन कोई तहरीर दर्ज नहीं की गई है। संवाद