नौतनवा। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला पर पति को दवा में कीटनाशक मिलाकर पिलाते रहने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अवैध संबंधों के चलते पति को रास्ते से हटाने के लिए आरोपी महिला ने ऐसा किया। शक के आधार पर मंगलवार को थाने में तहरीर देकर पति ने पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पति का कहना है कि बरगदवा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली लड़की से करीब दो वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद पत्नी का किसी दूसरे के साथ अवैध संबंध होने की बात सामने आने पर उन्होंने पत्नी को रोकना-टोकना शुरू किया तो वह उनसे रंजिश रखने लगी और अपने मायके चली गई। हाल ही में वह 29 जून को वापस ससुराल लौटी है। पीड़ित ने बताया कि उनका लिवर से संबंधित बीमारी के कारण नियमित दवा-इलाज चल रहा है। इधर 8 जुलाई से दवा खाने के बावजूद स्थिति में सुधार की बजाए हालत और बिगड़ने लगी तो उन्हें संदेह हुआ। मंगलवार को डॉक्टर से जांच कराया तो रिपोर्ट देख पीड़ित और डाक्टर दोनों हैरान रह गए। पीड़ित पति का आरोप है कि जब उन्होंने घर जाकर तलाशी ली तो कमरे में बेड के नीचे एक कोने में छिपाकर रखा हुआ कीटनाशक दवा का डिब्बा मिला।
उन्होंने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि पत्नी ने अपने अवैध संबंधों में बाधक बनने के कारण उन्हें रास्ते से हटाने के लिए उनकी दवा में कीटनाशक मिला दिया था, जिसके कारण दवा पीने के बाद भी उनकी स्थिति और भी खराब हो गई है। उन्होंने पुलिस से जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद सत्यता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।