महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के सिसवा अमहवा में पत्नी के मायके से नहीं लौटने से आहत एक व्यक्ति ने खुद को चाकू मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना सुबह लगभग आठ बजे की है। हरिलाल की पत्नी रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके गई थी। उसे उम्मीद थी कि वह राखी के दिन लौटकर आएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बात से नाराज हरिलाल ने आवेश में आकर चाकू से अपने गले पर वार कर लिया।
उसकी चीख सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर दौड़े। लोगों ने तत्काल उसे संभाला और निजी वाहन से शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, हरिलाल का उपचार जारी है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही हरिलाल की पत्नी भी अपने मायके से ससुराल पहुंची और फिर वहां से सीधे अस्पताल जाकर पति का हालचाल लिया।
मौके पर मौजूद परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार का बड़ा विवाद पहले से नहीं था, लेकिन पत्नी के नहीं लौटने की बात हरिलाल को बहुत अखर गई।
चौकी प्रभारी कलक्ट्रेट अखिलेश यादव ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें स्थानीय लोगों से मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस मामले में तहरीर नहीं मिली है।