-बीच-बचाव करने आई महिला को भी नहीं बख्शा
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र की ग्राम सभा ऊटी में रास्ते से हटने के लिए कहने पर मनबढ़ों ने एक किसान को पीट दिया। बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सभा ऊटी निवासी मुराली यादव ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि सोमवार की शाम वह साइकिल से खाद लेकर अपने घर लौट रहा था। गांव के रास्ते में कुछ लोग खड़े थे, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। उन्होंने उन लोगों से रास्ते से हटने का अनुरोध किया तो आरोपी भड़क गए और अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची घर की एक महिला के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। पीड़ित का कहना है कि उनके घर आने-जाने का यही एकमात्र रास्ता है। आरोपी लाठी-डंडा लेकर वहीं बैठे हुए हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है। उन्होंने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस बाबत एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।