महराजगंज। लगातार मौसम बदल रहा है। इसके चलते बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। लोगों को पहले सिर में हल्का दर्द व भारीपन महसूस हो रहा, जिसके बाद गले में खराश व तेज बुखार की चपेट में लोग आ रहे हैं।
सोमवार को बुखार से पीड़ित 21 मरीज जिला अस्पताल पहुंचे। जिनमें बुखार से पहले उक्त लक्षणों से दो चार होना पड़ा। चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के अनुसार सामान्य बुखार बताया, लेकिन लक्षणों से संकेत मिलने पर तुरंत उपचार शुरू कराने की सलाह दी।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 741 मरीजों का उपचार हुआ। सर्वाधिक मरीज बुखार के रहे। वहीं अपच, गैस, खट्टी डकार व पेट फूलने की समस्या से भी कुछ मरीज परेशान रहे।
बुखार के रोगियों की जांच रिपोर्ट देखने के बाद डाॅ. पवन कुमार ने इसे साधारण बुखार बताया। उन्होंने बताया कि लक्षण दिखने के 24 घंटे बाद बुखार प्रभाव डाल रहा, ऐसे में अगर लक्षण दिखते ही परामर्श लेकर उपचार शुरू कराया जाए तो इससे बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि गले में खराश होने व सिर एवं शरीर भारी लगने और शरीर का दर्द नजरअंदाज न करें। लक्षण दिखते ही सबसे पहले जांच कराएं और रिपोर्ट के साथ चिकित्सक से परामर्श लेकर दवा का प्रयोग करें।
ऐसा करने से एक से दो दिन में ही लाभ हो जाएगा, लेकिन लेटलतीफी करने से बुखार बिना अपना चक्र पूरा किए नहीं समाप्त होता और आठ से 10 दिन लग सकते हैं। उन्होंने बुखार के रोगियों को खानपान में सावधानी बताते हुए दवा लेने का परामर्श दिया। सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि ओपीडी तय समय से संचालित होता है।