महराजगंज/सिसवा बाजार। मौसम ने कोहरे की चादर ओढ़ ली है। बृहस्पतिवार को सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने के कारण एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। बसों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। घंटे भर सफर दो से तीन घंटे में पूरा हो रहा है। महराजगंज स्टेशन पर यात्री गोरखपुर जाने के लिए परेशान रहे।
सिसवा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को दिल्ली जाने वाली सत्याग्रह व सप्तक्रांति एक्सप्रेस ट्रेने देरी से चलने के कारण यात्री सुबह से स्टेशन पर बैठकर इंतजार करते रहे। सिसवा स्टेशन पर सप्तक्रांति एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे माधव गुप्ता ने कहा कि दिल्ली जाना है, लेकिन अभी ट्रेन 40 मिनट की देरी से चल रही है। अभी बिहार में है। सिसवा कब तक पहुंचेगी कोई गारंटी नहीं है। सुबोध राय ने कहा कि गाड़ियों के देरी से चलने के कारण परेशानी बढ़ गई है।
गंतव्य पर देर रात पहुंचने के बाद इस ठंड में आसरा ढूंढना बहुत मुश्किल होता है। नरकटियागंज जाने वाले उमंग अग्निहोत्री का कहना है कि मिनट 50 देरी से चल रही है, अगर देर रात में ये गाड़ी नरकटियागंज पहुंचेगी तो बहुत दिक्कत हो जाएगी। जाबिर अली ने कहा कि गाड़ियों के देरी से गोरखपुर पहुंचकर कोई काम नहीं हो सकता। अगर गाड़ी समय से रहती तो कोई परेशानी नहीं रहती। स्टेशन अधीक्षक दीनबंधु ने कहा कि अधिकतर गाड़ियों के कोहरे के कारण देरी से चलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी है। इसके लिए उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।