महराजगंज। तेज धूप और उमस भरी गर्मी बच्चों पर भारी पड़ रही है। वह उल्टी, दस्त के साथ ही बुखार के शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल में ओपीडी, इमरजेंसी और पीआईसीयू में बीमार बच्चों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सक इसे मौसम का असर बता रहे हैं। उनका कहना है कि इस मौसम में बच्चों के प्रति बहुत ही सावधान रहने की जरूरत है। दिन और रात के तापमान में बहुत अधिक अंतर नहीं हो रहा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 900 मरीज ओपीडी में पहुंचे। पर्ची काउंटर से लेकर डॉक्टर के कक्ष तक मरीजों की भीड़ लगी रही।
जिला अस्पताल के पीआईसीयू और इमरजेंसी में मरीजों की संख्या बढ़ी है। साथ ही ओपीडी में भी बीमार बच्चों की संख्या में इजाफा हुआ है। बालरोग विशेषज्ञ के कक्ष के बाहर बच्चों की भीड़ लग रही है। इसमें 90 प्रतिशत उल्टी, दस्त और बुखार के साथ झटके के मरीज अधिक हैं। सामान्य दिनों में इनकी संख्या जहां पर 40 से 50 थी। मौजूदा समय संख्या बढ़कर 100 से अधिक हो गई है। तेज धूप के साथ गर्मी प्रकोप बढ़ गया है। ऐसे में मौसम में बचाव जरूरी है। इसमें बच्चों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी से बच्चों के शरीर में पानी की कमी के साथ ही उल्टी, दस्त के साथ बुखार के शिकार हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें धूप से बचाने का प्रयास करें।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल चौधरी ने बताया कि ठंड और गर्म वस्तु न खाने और पीने दें। बाहर की वस्तुओं का सेवन न करने दें। अगर बीमारी होती है तो तत्काल चिकित्सक के पास ले जाएं। बिना उनके परामर्श के दवा न खिलाएं। गर्मी के मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को धूप में न जाने दें। दिक्कत होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार कराए।