प्रधानों को बताए गए आय बढ़ाने के तरीके
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिला रिसोर्स प्रशिक्षण संस्थान चौपरियां में बुधवार को सदर विकास खंड के सभी ग्राम प्रधानों को ग्राम पंचायत विकास योजना का दो दिवसीय उन्मुखीकरण कार्याशाला का आयोजन किया गया। इसमें ग्राम प्रधानों को ग्राम पंचायतों के आय का स्रोत बढ़ाने के बारे में जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि मंडलीय उप निदेशक पंचायती राज समरजीत यादव ने कहा कि गांव के विकास के लिए सबसे जरूरी है कि गांव में आय के स्रोत बढ़ाए जाएं। इसके लिए ग्राम पंचायतों की पोखरी का पट्टा किया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायतों के आय का स्रोत बढ़ाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्टेट रिसोर्स ग्रुप के प्रशिक्षक शैलेश पांडेय ने कहा कि सभी ग्राम पंचायतों में टाक्स फोर्स कमेटी का गठन किया गया है। इन सदस्यों द्वारा गांव के लोगों के साथ ग्राम प्रधान बैठक कर गांव के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करें। ग्रामीणों से वार्ता कर गांव के विकास के लिए शासन की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में चर्चा किया जाए। ट्रेनर प्रदीप जायसवाल ने गांव के विकास के लिए संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। दिव्यांसू श्रीवास्तव ने कहा कि डीएम ने निर्देश दिया है कि गांव में जो भी झाडियां हैं, उसे साफ कराया जाए और नियमित गांव में सफाई कार्य जारी रहे। जिससे गांव के लोगों को जेई व एईएस से बचाव किया जा सके। इस मौके पर डीपीआरओ आरएन यादव, कल्पना शुक्ला, ग्राम प्रधान अजय धर दूबे, आशा, मीना, कौशल्या आदि मौजूद रहे।