दूसरे दिन भी नहीं हो सकी जलापूर्ति, बढ़ी समस्या
महराजगंज। नगर के सक्सेना चौक पर खराब हुई पालिका की पेयजल पाइपलाइन शनिवार की देर शाम तक दुरुस्त नहीं हो पाई। इससे पांच हजार से अधिक की आबादी को लगातार दूसरे दिन भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पालिका के कर्मियों की ओर से इसे सही करने की दिशा में नियमित रूप से कवायद की जा रही है। रविवार की सुबह तक आपूर्ति शुरू होने की संभावना है।
शुक्रवार की सुबह लगभग छह बजे सक्सेना चौक के पास पाइप लाइन टूटने से इंदिरा नगर, लोहिया नगर, वीरबहादुर नगर, सुभाषनगर व हमीद नगर की जो पेयजल आपूर्ति ठप हुई, वह शनिवार की देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी। पानी के न मिलने से लोग परेशान हुए। पेयजल के लिए उन्होंने वाटर एटीएम आदि का सहारा लिया। पाइप लाइन को दुरुस्त करने में अनिरुद्ध व संदीप समेत अन्य कर्मी पूरी तत्परता से लगे हुए हैं। कुछ सामग्री को बाहर से मंगाया जा रहा है, जिसके शाम तक पहुंचने के आसार है। उसके आने के बाद पाइप लाइन के सही होने की संभावना है। जिम्मेदारों के मुताबिक, रविवार की सुबह ही पानी की आपूर्ति की जा सकेगी।
-----
लोग बोले, प्रभावित हुई दिनचर्या
वीरबहादुर नगर निवासी संतोष कुमार ने बताया कि लगातार दो दिनों से पानी न मिलने से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। किसी तरह नल के पानी के भरोसे कुछ कार्यों को कराया जा रहा है। हमीद नगर निवासी विक्की पटवा ने बताया कि दो दिन से पानी के न मिलने से पूरी दिनचर्या प्रभावित हो गई है। जिम्मेदारों को इस पर ध्यान देते हुए त्वरित कदम उठाना चाहिए।
-----
सक्सेना चौक पर पाइप लाइन की मरम्मत जारी है। सामग्री मंगाई जा रही है। देर रात तक पाइप लाइन के ठीक होने के उम्मीद है। पूरी संभावना है कि रविवार की सुबह पेयजल की आपूर्ति मिलेगी।
- कृष्णगोपाल जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष