झमाझम बारिश से जलभराव, बिजली गुल
महराजगंज। इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बुधवार से बारिश रुक रुककर शुरू बारिश शुक्रवार को झमाझम बदल गई। बृहस्पतिवार जगह-जगह जलभराव हो गया। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। शहर से लेकर गांव तक लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि जिले में 47 एमएम बारिश हुई है। 29 मई को भी मौसम खराब रहने की उम्मीद है।
शहर में कोतवाली परिसर में जलभराव होने से पुलिसकर्मियों समेत फरियादियों को आने-जाने में परेशानी हुई। जिला अस्पताल परिसर, बस स्टेशन, आबकारी कार्यालय परिसर के अलाव टेढ़वा कुटी पर सर्विस लेन पर जलभराव हो गया। शहर में शास्त्रीनगर, विस्मिल नगर में भी कुछ स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को समस्या हुई। बारिश में सबसे ज्यादा परेशानी बिजली के गुल होने से हुई। जिन घरों में इंवर्टर नहीं है, वहां मोमबत्ती का सहारा लेना पड़ा। पानी के लिए हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। शास्त्रीनगर के अमित वर्मा, रामप्यारे प्रसाद ने बताया कि बिजली गुल होने से मोबाइल फोन भी जवाब दे गया। विद्युत निगम के एक्सईएन ने बताया कि मुख्य सप्लाई में फाल्ट एवं तेज हवा के कारण आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हुई है। आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में कर्मचारी जुटे हैं। घुघली प्रतिनिधि के अनुसार भुवनी, खानपुर, जखीरा चौराहा, पकड़ियार विशुनपुर, बसन्तपुर, चौमुखा चौराहे के मुख्य मागों पर जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। धानी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में लगातार दो दिनों से तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है। बृहस्पतिवार की रात से बिजली आपूर्ति ठप है। अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार गजरही में पोखरी ओवर फ्लो हो गई है। नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय कस्बे के महेंद्रनगर वार्ड निवासी इद्रीश खान की बाउंड्रीवाल बारिश के कारण शुक्रवार की सुबह भरभरा कर ढह गई। संयोग अच्छा रहा कि कोई हताहत नहीं हुआ। एसडीएम प्रमोद कुमार का कहना है कि बारिश से हुई क्षति का जायजा लेकर पीड़ित की यथासंभव मदद की जाएगी।
कूड़े से पटी नाली से हो रही समस्या
खुटहां बाजार। प्राथमिक पाठशाला मुड़िला बाजार से काली मंदिर तक करीब 150 मीटर नाली कूड़े से जाम होने की वजह से बारिश का पानी सड़कों पर आ गया है। ग्रामीण राजकुमार, मोहम्मद रजा, रघुवंश, धीरज, हरिहर, बदरी आदि ने नाली की सफाई कराकर जलनिकासी की मांग की हैं। सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रदुम्न प्रजापति ने बताया कि सफाईकर्मी को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति 18 घंटे से ठप
निचलौल। विद्युत उपकेंद्र और डोमा केंद्र से जुड़े सैकड़ों गांवों की विद्युत आपूर्ति करीब 18 घंटे से ठप है। इसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत निगम के जूनियर इंजीनियर विजय कुमार गौड़ ने बताया कि आंधी और बारिश के चलते कई जगह तारों पर पेड़ गिर गए हैं। इसके चलते निचलौल उपकेंद्र के तीन फीडर साउथ, बसूली और ढेसो बंद है। डोमा केंद्र के मेन सप्लाई में फाल्ट हो गई। जल्द ही फाल्ट ढूंढकर विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
ज्यादा सब्जी को फसल नुकसान
पनियरा। बारिश में सबसे ज्यादा सब्जी की फसल को नुकसान हुआ है। खुटहा पनियरा एवं मौलागंज मुजुरी नहर मार्ग पर जलभराव हो गया है। पनियरा व मुजुरी की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। बृहस्पतिवार रात से बिजली गुल है। लोगों को मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। आनंदनगर विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता आरके गौतम ने बताया कि बारिश में तेज आंधी के कारण बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। स्थिति सामान्य होते ही बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।