परसामलिक। नेपाल के पहाड़ी इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद नौतनवा स्थित बघेला नाला का जलस्तर शनिवार को अचानक बढ़ गया। इससे आस-पास के गांवों के किसानों को बाढ़ से धान की फसल के जलमग्न होने की चिंता सता रही है।
जानकारी के अनुसार नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र से निकलने वाला बघेला नाला रेहरा गांव के समीप भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करता है। अचानक जलस्तर बढ़ने से बघेला नाला के किनारे बसे गांव रेहरा, महुलानी, बेलभार, मनिकौरा, सेखुआनी, शिवपुरी, शंकरपुर, निपनिया, विषखोप, परसाभरटोलिया, लक्ष्मीपुर, जिगिना, श्रीरामपुर, गंगापुर, गंगवलिया, करौता, चुड़िहारी, बरनहवा पिपरवास, मनिकापुर, चकदह, शाहपुर के किसान चिंतित हैं।
किसान महबूब अली, गतिराम साहनी, रामबचन यादव, रामबेलास यादव, जयप्रकाश सिंह, शमशाद खान, विजय कुमार, शफात अहमद, उस्मान खान, गिरजेश यादव, रामलक्षन यादव ने बताया कि नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में शुक्रवार की रात में भारी बारिश होने से बघेला नाला उफना रहा है जिससे लोगों में बाढ़ की चिंता सताने लगी है।
इस संबंध में नौतनवां उपजिलाधिकारी कुणाल ने बताया कि बघेला नाला का जलस्तर बढ़ने की सूचना मिली है। आस-पास के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।