ठूठीबारी। नेपाल के पहाड़ों पर बारिश से झरही उर्फ प्यास नदी में रविवार की सुबह पानी आ गया। इससे भरगाही गांव के सामने बन रहे पुल का काम बंद करना पड़ा।
निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के रामनगर गांव के पश्चिम और नौतनवां क्षेत्र के ग्राम रमगढ़वा के टोला भरगाही गांव के पूरब झरही उर्फ प्यास नदी बहती है। दोनों गांव व क्षेत्र के ग्रामीणों को एक-दूसरे के गांव आने-जाने के लिए पांच किमी अधिक दूरी तय करना पड़ती है।
पीडब्ल्यूडी की ओर से 158 लाख रुपये की लागत से इस साल मार्च से नदी पर पुल बनाने का काम शुरू कर दिया गया लेकिन नेपाल के पहाड़ों पर हो रही बारिश से झरही उर्फ प्यास नदी में पानी आ गया है। इससे पुल का निर्माण प्रभावित हो गया है।
ओमप्रकाश चौहान, रामसेवक, संजय साहनी, दीनदयाल चौहान, मंजीत चौहान, सेवन, प्रदुम्न चौहान, रमेश कुमार, रामदेव, सुजित, शमशेर बहादुर आदि ग्रामीणों ने बताया की नदी में पुल बन जाने से नौतनवां क्षेत्र के पडियाताल से दक्षिण गांव रमगढवां, भरगाही, मोहनापुर, लक्ष्मीपुर, शीशगढ, खैरटवां, पिपरहवां, भगतपुरवां, डगरुपुर, नवडिहवां, खैरहवां जंगल, खैराटी, रुदलापुर, धुमठवां, पडरहवां, निबिअहवां, जिगनिहवां, सीहाभार और निचलौल ब्लॉक के रामनगर, देवान टोला, पिपरडाढा, किसुनपुर, जिगिनिहवां, धरमौली के ग्रामीणों को कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई इम्तियाज ने बताया की बारिश होने के कारण नदी में पानी आने से निर्माण कार्य रोक दिया गया है जैसे ही नदी से पानी समाप्त होगा पुनः काम शुरू करा दिया जाएगा।