जिला संयुक्त चिकित्सालय और सिसवा बाजार में पेयजल की समस्या बढ़ी है। शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं ने एडीएम को ज्ञापन दिया। हिन्दू युवा वाहिनी ने डीएम को पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए पत्र लिखा है। सिसवा के व्यापारियों ने टैंकर मंगाकर लोगों को पानी दिलाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों के लिए उचित पेयजल की व्यवस्था नहीं है। मेडिकल स्टोर व कुछ प्राइवेट अस्पताल के कर्मचारी अस्पताल परिसर में घूमते रहते हैं। मरीजों को गुमराह कर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराते हैं। जहां गरीब मरीजों से मोटी रकम वसूली जाती है।
तत्काल ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की मांग की है। विधिनरायण वर्मा, शरदेंदु पांडेय, प्रदीप पांडेय, अशोक पटेल, जहीर खान, अफजल अब्बासी, जग्गू प्रसाद, अभिमन्यु सिंह, त्रियुगी पटेल, बीके अंगरा आदि कार्यकर्ता शामिल रहेे।
सिसवा बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक हिन्दू युवा वाहिनी के नेता मनीष शर्मा ने डीएम को शिकायती पत्र लिखा है कि करीब आठ दिन पहले अमरपुरवा तिराहे पर एक मोबाइल कंपनी द्वारा खुदाई कर केबिल बिछाने के दौरान जलकल की मुख्य पाइप क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे पूरे नगर की सप्लाई ठप है।
नगर पंचायत द्वारा टैंकरों से सप्लाई देने की कोशिश की जा रही है। जो 25000 आबादी के लिए पर्याप्त नहीं है। जिम्मेदार भी गैर जिम्मेदाराना जवाब देते हैं। सिसवा में करीब 150 से अधिक इंडिया मार्क हैंडपंप लगाए गए हैं। जो मरम्मत के अभाव में महीनों से खराब है।