महराजगंज। डायट की ओर से किए गए निपुणता के असेसमेंट में मानक से कम औसत मिलने पर जिले के घुघली, सदर, सिसवा व बृजमनगंज के खंड शिक्षा अधिकारियों को चेतावनी जारी की गई है। वहीं निपुण भारत अभियान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के ई-ग्रेड पर रहने पर खंड शिक्षा अधिकारी बृजमनगंज व परतावल को चेतावनी जारी की गई है। 50 प्रतिशत से कम पर्यवेक्षण करने वाले राज्य संदर्भदाता समूह के सदस्य से स्पष्टीकरण मांगने को कहा है। बीते छह माह में दो या दो से अधिक बार अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित शिक्षकों की सूची भी मांगी गई है।
ये निर्देश जिलाधिकारी अनुनय झा ने शुक्रवार को निपुण भारत की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि एक माह में मिली कमियों को सुधारा जाए अन्यथा की दशा में जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में निपुण भारत की पाक्षिक समीक्षा का निर्देश दिया। जिला पोषण समिति की बैठक में सैम व मैम बच्चों के चिह्नांकन का बढ़ाने पर जोर बढ़ाने का निर्देश दिया। ग्राम स्वास्थ्य व पोषण समिति की बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को बढ़ाने का निर्देश दिया। गर्भवती महिलाओं व बच्चों को भी परीक्षण सत्र में लाने को कहा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीना वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार समेत सभी खंड शिक्षा अधिकारी व बाल विकास परियोजना अधिकारी आदि मौजूद रहे।