सीएमओ की अध्यक्षता में सदर ब्लॉक की एएनएम, सीएचओ, संगिनी एवं स्वास्थ्यकर्मियों की हुई बैठक
ई-कवच और यू-विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत फीडिंग के निर्देश
महराजगंज। सीएमओ की अध्यक्षता में उनके कार्यालय सभागार में शुक्रवार को सदर ब्लॉक की एएनएम, सीएचओ, संगिनी एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में खराब प्रदर्शन करने वाली एएनएम को चेतावनी दी गई। साथ ही कटहरा, जंगल फर्जंदली और बैजनाथपुर के सीएचओ के कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्हें चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। रिकॉर्ड सत्यापन न कराने वाले सीएचओ का प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन भी रोक दिया गया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के डिविजनल प्रोग्राम मैनेजर अरविंद पांडेय ने यू-विन पोर्टल पर एएनएम द्वारा दर्ज मासिक रिपोर्ट की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिन एएनएम ने कम्युनिटी बेस्ड इनिशिएटिव फॉर हेल्थ एंड सैनिटेशन डेवलपमेंट (सीआईवीएचएसएनडी) सत्रों में 10 या उससे कम लाभार्थियों की प्रविष्टि की थी, उन्हें प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
साथ ही जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत निशुल्क जांच, उपचार, दवा और परिवहन से संबंधित सभी सूचनाएं पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक नियमित टीकाकरण सत्र में कम से कम 10 आभा आईडी बनाने और परिवार कल्याण सामग्री का पोर्टल पर समयबद्ध इंडेंट एवं निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।
डॉ. केपी. सिंह ने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं का ई-कवच पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण तत्काल पूरा किया जाए तथा टीकाकरण सत्र समाप्त होने के बाद उसी दिन यू-विन पोर्टल पर सभी प्रविष्टियां दर्ज की जाएं। उन्होंने कहा कि जहां सीएचओ तैनात नहीं हैं, वहां एएनएम 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग कर 10 प्रतिशत मरीजों को रेफर किया जाए।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने सभी एएनएम को आरसीएच रजिस्टर पूरा रखने, जीरो डोज बच्चों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने और नौ से 12 माह एवं 16 से 24 माह के बच्चों को एमआर, जेई और डीपीटी बूस्टर की निर्धारित खुराक समय पर दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य इस वर्ष जीरो डोज बच्चों की संख्या में 30 प्रतिशत की कमी लाना है।
बैठक में मंडलीय टीम के राजीव और अवनीश चंद्र सहित बीपीएम सूर्य प्रताप सिंह, बीसीपीएम लवली वर्मा, एलएचवी, एएनएम, संगिनी एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।