महराजगंज। शनिवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में जिले के सभी सीएचसी अधीक्षकों की बैठक में सघन मिशन इंद्र धनुष को बेहतर ढंग से संचालित किए जाने पर चर्चा की गई। लापरवाह आशा व एएनएम को दायित्व के प्रति सजग रहने की हिदायत दी गई।
डीएम की ओर से कराए गए जांच के दौरान सघन मिशन इंद्रधनुष में लापरवाह पाई गईं 17 एएनएम और आशा वर्कर को दायित्व के प्रति सजग रहने की चेतावनी दी गई है। सीएमओ डा. क्षमा शंकर पांडेय ने सीएचसी अधीक्षकों को मिशन इंद्रधनुष को सफल बनाने के लिए क्षेत्र में निरीक्षण तेज करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी की ओर से मिले निर्देश के बारे में अवगत कराते हुए उन्होंने टीकाकरण अभियान से जुड़े सभी कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी कि भविष्य में अगर लापरवाही उजागर हुई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सघन मिशन इंद्र धनुष महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। बच्चों को सात प्रकार की बीमारियों से बचाने के लिए सात प्रकार के टीके लगाए जा रहे हैं। अभियान से जुडे़ सभी कर्मी क्षेत्र में लोगों को टीकाकरण के फायदे बताएं। उन्होंने सभी को सचेत किया कि सघन मिशन इंद्र धनुष के दौरान अगर कोई कर्मी दायित्व के प्रति लापरवाह मिला तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सदर सीएचसी अधीक्षक डा. राकेश कुमार श्रीवास्तव, घुघली सीएचसी अधीक्षक राकेश द्विवेदी, नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।