करमहिया गांव में गेहूं के गोदाम को सील करवाते एसडीएम नौतनवां व अन्य।
- फोटो : MAHARAJGANJ
सीमावर्ती गांव में गोदाम पर छापा, 80 बोरी गेहूं बरामद
मौके से मिली डायरी में लिखे हैं कई एजेंसियों के नाम
सोनौली (महराजगंज)। नौतनवां के एसडीएम ने रविवार सुबह सोनौली कोतवाली क्षेत्र के सीमावर्ती गांव शेष फरेंदा में एक गोदाम में छापा मारकर 80 बोरी गेहूं बरामद किया है। गोदाम को सील कर दिया गया है। एसडीएम ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
मुखबिर की सूचना पर एसडीएम दिनेश कुमार मिश्र ने सोनौली कोतवाली क्षेत्र के सीमावर्ती गांव शेष फरेंदा में एक गोदाम पर छापा मारा। गोदाम में सरकारी बोरे में रखा गेहूं बरामद हुआ। जांच में पता चला कि गोदाम एक कोटेदार का है। मौके से एक डायरी भी मिली, जिसमें कई एजेंसियों का नाम लिखा हुआ है। इसमें कुछ मीडियाकर्मियों के नाम भी हैं।
एसडीएम ने बताया कि गोदाम को सील कर दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए सप्लाई इंस्पेक्टर को निर्देशित किया गया है। एक कोटेदार का नाम सामने आ रहा है। डायरी के संबंध में भी जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आशंका है कि गेहूं तस्करी के माध्यम से नेपाल जाना था। निर्यात पर भारत की रोक के बाद सीमा से गेहूं, चीनी और चावल की तस्करी तेज हो गई है।