महराजगंज। माह भर इंतजार करें। इसके बाद पकड़ी चौराहे से लेकर केएमसी मेडिकल कॉलेज फोरलेन बननी शुरू हो जाएगी। इसके लिए शासन की ओर से टेंडर जारी हुआ है। इस पर करीब 27 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पकड़ी से रम्हौली तक करीब दो किलोमीटर फोरलेन सड़क लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड की ओर से बनाया जाएगा। चौड़ीकरण से जहां वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी, वहीं आवागमन में समय भी बचेगा। पकड़ी से रम्हौली तक बनने वाले फोरलेन के दौरान 70 किसानों की जमीन अधिग्रहित हो चुकी है। बदल रहे महराजगंज में आने वाले दिनों में सड़कों की तस्वीर बदल जाएगी।
फरेंदा जाने वाले हाईवे से कटकर पकड़ी चौराहे से होकर केएमसी मेडिकल काॅलेज तक सड़क फोरलेन होगी। करीब दो किमी सड़क बनने से मेडिकल काॅलेज तक पहुंचने की राह आसान हो जाएगी। वर्तमान में यह सड़क गड्ढायुक्त है। लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। शासन की ओर से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर जारी हुआ। मई के पहले सप्ताह में निर्माण प्रारंभ होगा।
मौजूदा समय में पकड़ी चौराहे से केएमसी मेडिकल कॉलेज तक की सड़क ठीक नहीं है। पकड़ी के कुलदीप वर्मा ने बताया कि फोरलेन बनने के बाद आवागमन सुगम होगा। केएमसी मेडिकल कॉलेज और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पकड़ी रम्हौली केंद्र तक आने जाने में समस्या नहीं होगी। नरेंद्र यादव ने बताया कि पकड़ी से मेडिकल काॅलेज होकर पनियरा तक लोग जाते हैं। अभी तो सिर्फ मेडिकल काॅलेज तक सड़क ठीक होने वाली है।
इसके आगे की सड़क कब ठीक होगी, इसके बारे में जिम्मेदारों को परवाह नहीं है। केएमसी मेडिकल काॅलेज के पास मिले जितेंद्र तिवारी ने बताया कि अगर यह सड़क मेडिकल काॅलेज से आगे पनियरा तक ठीक हो जाए तो करीब 100 गांवों की एक लाख से अधिक की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। जिला मुख्यालय पहुंचने के लिए लोगों को समस्या नहीं होगी। उन्होंने बताया कि इस रूट पर नियमित यात्रा करने वालों के वाहन अक्सर खराब हो जाते हैं। भविष्य में यह समस्या दूर हो जाएगी। पकड़ी के नरेश ने बताया कि खुटहा से लेकर पनियरा तक बीच में सड़क ठीक नहीं है।
सड़क चौड़ी होने के बाद आवागमन होगा सुगम : रामपुर बुजुर्ग से कटहरा शिवमंदिर तक 5.5 किमी सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से टेंडर जारी हुआ है। इस पर कुल नौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। रामपुर बुजुर्ग से कटहरा शिवमंदिर तक सड़क चौड़ीकरण होने से लोगों को मंदिर जाने में सुविधा मिलेगी।
रामपुर बुजुर्ग से लेकर कटहरा शिवमंदिर तक साढ़े 5 किमी सड़क चौड़ीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा गया था। शासन की ओर से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर जारी हुआ है। मई के पहले सप्ताह में निर्माण प्रारंभ होगा।