महराजगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद के तहत बोर्ड परीक्षा की कॉपियां जांचने वाले शिक्षकों को इस बार अधिक मेहनताना मिलेगा। प्रधानाचार्य, शिक्षक और तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मियों की पारिश्रमिक दर में इजाफा किया गया है। हाईस्कूल में पहले 11 रुपये मिलते थे, अब 14 रुपये और इंटरमीडिएट में 13 की जगह 15 रुपये दिए जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की उत्तर पुस्तिकाओं को जांच करने वाले शिक्षक लगातार पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग करते रहे हैं, लेकिन पांच वर्ष से इसमें बढ़ोतरी नहीं की गई। अब शासन की ओर से धनराशि को बढ़ाया गया है। इसके तहत केंद्र व्यवस्थापकों को अब प्रति पाली 100 रुपये और प्रतिदिन 200 रुपये पारिश्रमिक मिलेगा। अभी तक 80 रुपये और प्रतिदिन 160 रुपये ही था। अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को प्रति पाली 60 रुपये और प्रतिदिन पारिश्रमिक 120 रुपये हुआ है। अभी तक यह प्रति पाली 53 रुपये और प्रतिदिन 106 रुपये था। कक्ष निरीक्षकों को प्रतिदिन का पारिश्रमिक 96 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये किए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करने के लिए धनराशि भी बढ़ी है। हाईस्कूल में पहले एक कॉपी जांच पर 11 रुपये मिलते थे अब 14 रुपये और इंटरमीडिएट में 13 की जगह 15 रुपये मिलेंगे।
-
लिपिकों का भी बढ़ा भुगतान-
लिपिकों को प्रति पाली 33 रुपये की जगह 40 रुपये दिए जाएंगे। बंडल वाहक को 16 की जगह 20 रुपये, चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को प्रति पाली 26.50 रुपये की जगह 30 रुपये मिलेंगे। संकलन केंद्र मुख्य नियंत्रक को प्रतिदिन 67 की जगह 75 रुपये और उपनियंत्रक को 53 रुपये की जगह 60 रुपये प्राप्त होंगे।
यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में ड्यूटी करने वाले व कॉपियों को जांचने वाले सभी कर्मचारियाें के पारिश्रमिक में बढ़ोतरी की गई है। जो इस बार की परीक्षा से लागू कर दी गई है। भुगतान पहले की तरह बैंक खाते में जाएगा
- प्रदीप कुमार शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक