नौतनवा। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग उत्तरी चौक रेंज के जंगल के किनारे बसे गांव चकदह टोला शाहपुर के पास बीते 10 दिनों से दिख रहे तेंदुआ से ग्रामीण दहशत में हैं। पशुपालक अपने मवेशियों को चराने के लिए ले जाने से डर रहे हैं कि कहीं तेंदुआ मवेशियों पर हमला न कर दे।
जंगल के किनारे बसे गांव सेमरहवा और चकदह में तेंदुआ कहीं न कहीं दिख जाता है। कभी वह मवेशियों पर हमला करता है तो कभी बकरियों को अपना निवाला बना लेता है। इधर 10 दिनों से तेंदुआ चकदह गांव के शाहपुर टोले के पूरब चकदह मुख्य मार्ग के आसपास तथा सागौन के पास कभी नाले के पास शाम को तेंदुआ अपने शावकों के साथ विचरण करते हुए दिख रहा है।
तेंदुआ के निकलने से ग्रामीणों में दहशत बना हुआ है। ग्रामीण योगेंद्र, बंदेश्वर सिंह, शिवनाथ प्रसाद, दीपचंद, रामजी, धनेश, अनिल, विश्वनाथ, चंद्रभान प्रसाद आदि लोगों ने बताया कि तेंदुआ गांव से पूरब सड़क के पास अपने बच्चे के साथ दिख रहा है। वह जंगल की तरफ नहीं जा रहा है, जिससे भय लग रहा है कि कहीं किसी पर हमला न कर दे। उत्तरी चौक रेंजर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वनकर्मियों को गश्त करने के लिए कहा गया है। ग्रामीण सावधानी बरतें यदि तेंदुआ दिखता है तो उससे दूर रहें। संवाद