ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण करीब 45 मिनट तक बाधित रहा आवागमन
ज्ञापन सौंपकर जर्जर तारों को तत्काल बदलने और उच्च वोल्टेज आपूर्ति की समस्या के समाधान की मांग की
चौक बाजार। मिठौरा क्षेत्र के टीकर परसौनी चौराहे पर रविवार को सुबह लगभग 11:30 बजे बिजली निगम के खिलाफ परसौनी गांव के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने निचलौल-चौक मार्ग को अवरुद्ध कर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण करीब 45 मिनट तक आवागमन बाधित रहा।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने विद्युत निगम के नाम एक मांग पत्र सौंपकर जर्जर तारों को तत्काल बदलने और उच्च वोल्टेज आपूर्ति की समस्या के समाधान की मांग की। आश्वासन मिलने के बाद लगभग 12:15 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात बहाल कर दिया गया।
ग्राम प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार जोशी ने बताया कि ग्राम सभा में 11 हजार वोल्ट की विद्युत आपूर्ति की जाती है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई लोग करंट की चपेट में आकर झुलस चुके हैं जबकि कुछ की जान भी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी को खोस्टा टोला परागपुर निवासी मजदूर रमन चौहान विद्युत करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए थे। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 11 फरवरी को उनकी मौत हो गई। चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ग्राम सभा परसौनी में 11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से खोस्टा निवासी भरत, परसौनी निवासी सरस्वती देवी तथा किशोर मोहम्मद्दीन गंभीर रूप से झुलस चुके हैं। वहीं परसौनी निवासी साबिया खातून की करंट लगने से मौत हो चुकी है। प्रदर्शन के दौरान तैयब अंसारी, दीपक जायसवाल, नागेंद्र गुप्ता, मोज्जफर हुसैन, कवींद्र पांडेय, सरफुद्दीन, अभिषेक पांडेय, जियाउल हक, महिम्न त्रिपाठी, जमालुद्दीन, मृतक की पत्नी उर्मिला चौहान मौजूद रहे।