चौक बाजार। मिठौरा क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरिया गुरु गोविंद राय के ग्रामीण शनिवार को गांव की बदहाल सफाई व्यवस्था और रुके पड़े विकास कार्यों को लेकर सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की नालियां जर्जर हैं, उचित जल निकासी न होने से सड़कों पर कीचड़ और दुर्गंध फैल गई है, जिससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है लेकिन स्वास्थ्य विभाग या ग्राम प्रधान की ओर से मच्छररोधी दवा का छिड़काव तक नहीं कराया गया। इसके अलावा कई हैंडपंप लंबे समय से खराब हैं, जिससे लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, नालियों की मरम्मत और हैंडपंप ठीक कराने की कार्रवाई नहीं की गई, तो वे ब्लॉक मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन को बाध्य होंगे।