नौतनवा। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मुड़िला के दर्जनों ग्रामीण बुधवार की सुबह युवा नेता अनीश सिंह के नेतृत्व में नौतनवा तहसील पर पहुंचे। यहां उन्होंने गांव की बीएलओ पर मतदाता सूची में फर्जी मतदाताओं का नाम शामिल करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और तहसीलदार कर्ण सिंह को ज्ञापन सौंपा। अधिकारी ने मामले की जांच कराकर विधिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
ग्रामीण अनीश सिंह, बृजमोहन यादव, रामदुलारे, बृजेश, राममिलन यादव, आशीष कुमार, राघवेंद्र सिंह, कोइला देवी, श्यामकरन चौहान, लालमोहन यादव, कृष्णमोहन, आदित्य सिंह, रामसजीवन आदि ग्रामीणों का कहना है कि गांव की बीएलओ की मनमानी से मतदाता सूची में नेपाल निवासी लोगों एवं गांव की अन्य विवाहित पुत्रियों का नाम भी सूची में शामिल किया जा रहा है। इतना ही नहीं, मृतकों के नाम भी सूची में जस के तस ही पड़े हुए हैं, जो विधि विरुद्ध है। आरोप है कि मनमानी का विरोध करने पर बीएलओ की ओर से फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम को संबोधित पत्र तहसीलदार कर्ण सिंह को सौंपकर पूरे मामले की जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
तहसीलदार कर्ण सिंह का कहना है कि ग्रामीणों की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।