परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल में स्थित एक पौधशाला में मंगलवार की रात करीब 7:40 बजे चोरी की घटना का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि चोर पौधशाला से पौधे और नकद रुपये ले गए हैं। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब 20 से 25 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पीड़ित के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद दोनों संदिग्ध परतावल चौराहे की ओर जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पीड़ित ने सोशल मीडिया पर संदिग्धों की तस्वीर साझा करते हुए लोगों से उनकी पहचान बताने की अपील की है। वायरल पोस्ट में लिखा गया है कि जिसे भी आरोपियों के बारे में कोई जानकारी हो, वह तत्काल संपर्क करे। घटना से संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल पोस्ट की पुष्टि नहीं करती है। एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।