सदर क्षेत्र के बागापार स्थित एक गैस गोदाम का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
चौक बाजार। सदर क्षेत्र के बागापार स्थित एक गैस गोदाम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गैस सिलिंडर वितरण के नाम पर उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक रुपये लेने और पासबुक जमा कराने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के मुताबिक, 48 सेकंड के इस वीडियो में गैस गोदाम की चहारदीवारी के पीछे एक युवक दूसरे व्यक्ति से पासबुक और रुपये लेते हुए दिखाई दे रहा है। कैमरा होने की भनक लगते ही वहां मौजूद लोग इधर-उधर हट गए। आरोप है कि उपभोक्ताओं से एक सिलिंडर के लिए 500 रुपये अधिक लिए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस सिलिंडर वितरण में लंबे समय से मनमानी की जा रही है। उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और कई लोगों को अतिरिक्त रुपये देने के बाद ही सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। आरोप यह भी है कि गोदाम पर घंटों लाइन लगाने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो कई अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संवाद