घुघली। थाना क्षेत्र के घुघली-शिकारपुर मुख्य मार्ग पर एक युवक द्वारा चलती बाइक पर जानलेवा स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। घुघली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक की पहचान कर बाइक सीज कर दिया। आरोपी युवक को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। वीडियो में युवक सामने से आ रहे ट्रक के सामने स्टंट करता दिख रहा है।
बताया गया है कि घुघली पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर एक टीम गठित करके युवक और बाइक की पहचान कराई। फिर उसे धर दबोचा। युवक ने पूछताछ के दौरान स्टंट करते हुए रील बनाने की बात स्वीकार की। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने कहा कि स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद एक टीम गठित कर बाइक और स्टंट करने वाले युवक को थाने लाया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन को ध्यान में रखते हुए बाइक को सीज कर दिया गया। युवक को आगे ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी गई है। संवाद