फरेंदा। मोटरसाइकिल खरीद का पूरा पैसा भुगतान करने के बाद भी कर्जदार बना दिए गए लोगों ने शुक्रवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार से मिलकर मामले से अवगत कराया।
इस दौरान लोगों ने स्थानीय पुलिस पर एजेंसी मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई करने में हीला-हवाली करने का आरोप लगाया है। सीओ ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ित दयाशंकर, शिवरतन, प्रियंका, खरभान, लल्लू निषाद, शंभू, सुग्रीम व नीरज कुमार सहित तमाम लोग सीओ कार्यालय पहुंचे। इन लोगों ने बताया कि मोटरसाइकिल खरीदने के समय एजेंसी मालिक ने पूरा रुपया ले लिया। बाइक खरीदने के कुछ दिन बाद पता चला कि मोटरसाइकिल लोन पर ली गई है। फाइनेंस कंपनी वाले फोन करके धमकी देने लगे। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मामले को लेकर हीला-हवाली कर रही है। लोगों ने बताया कि करीब 200 लोग ऐसे हैं जिनका केस दर्ज नहीं हो पा रहा है। पीड़ित लोग परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि मामले में विवेचक एजेंसी मालिकों से मिले हुए हैं, इस वजह से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। मामले में कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद भी लोग इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। लोगों ने शीघ्र कार्रवाई कराने की मांग की है।