अस्ताचलगामी सूर्य को आज अर्घ्य देंगी व्रती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य व्रती महिलाएं बृहस्पतिवार को शाम को देंगी। इस बीच बुधवार को छठ पर्व को लेकर नगर सहित ग्रामीण अंचलों के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। घरों में महिलाएं तथा पुरुष पूजन सामग्री एकत्रित करने में जुटे रहे। बुधवार को महिलाओं ने पूरे दिन व्रत रखकर रात को चंद्रमा को अर्घ्य देने के उपरांत खीर खाई।
बृहस्पतिवार को दिन भर महिलाएं व्रत रहकर शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। वहीं नगर में रहने वाले भी पूरे उमंग से बुधवार को छठ पूजा की तैयारियों में जुटे रहे। छठ पर्व को लेकर नगर पालिका परिषद प्रशासन, समाजसेवी सहित अन्य लोगों ने बलिया नाला, जिला उद्योग केंद्र के पास छठ घाट, चिऊरहां, पिपरदेउरा छठ घाट पर साफ-सफाई कराई। बृहस्पतिवार को छठ पूजा के मद्देनजर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों में वस्त्र, फल-फूल, सूपा, दउरी आदि खरीदने के लिए भीड़ लगी रही। इसके कारण पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। इससे आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों से आई हुई महिलाओं ने पूजन सामग्रियों के अलावा साड़ी व अन्य जरूरत के सामानों की खरीदारी की। नगर के प्रमुख बाजार में देर शाम तक दुकानों पर भीड़ जुटी रही।
वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के जवान भी जगह-जगह मुस्तैद रहे। नगर के बस स्टैंड, सक्सेना चौक, बलिया नाला, कोतवाली रोड, कॉलेज रोड, चिउरहां रोड पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जाम हटाने के लिए पुलिस पूरे दिन कवायद करती रही। विभिन्न समितियों की तरफ से छठ घाट व आने-जाने वाले मार्गों को विद्युत उपकरणों से सजा दिया गया है।
नगर चौकी इंचार्ज जयशंकर मिश्रा ने बताया कि छठ पर्व पर होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस कर्मियों की टोली निर्धारित प्वांइट पर तैनात रहेगी। महिला पुलिस की ड्यूटी भी लगाई गई है। मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक लोड कम करने के लिहाज से बृहस्पतिवार को शाम को कुछ देर के लिए भारी वाहनों का प्रवेश नगर में बंद करा दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं।