ग्राम पंचायत कोदईला में टीकाकरण सत्र का डिप्टी सीएम ने किया निरीक्षण
महराजगंज। ग्राम पंचायत कोदईला में आयोजित टीकाकरण सत्र का निरीक्षण डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने किया। मौके पर एएनएम मंजू विश्वकर्मा द्वारा सत्र का आयोजन किया जा रहा था।
सत्र में 15 बच्चों और पांच गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण के लिए ड्यू लिस्ट में रखा गया था। इस दौरान आशा मीना लाभार्थियों को सत्र स्थल पर बुला रही थीं और संगिनी शशिकला भी उपस्थित थीं। निरीक्षण के दौरान दो बच्चों का टीकाकरण पूरा हो चुका था और एक गर्भवती महिला की जांच भी की गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने सभी केंद्रों को निर्देश देते हुए कहा कि अब टीकाकरण और एनसी की मॉनिटरिंग यू-विन और ई-कवच पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसलिए सभी एएनएम को अपने किए गए कार्यों को इन पोर्टलों पर नियमित रूप से अपडेट करना चाहिए। राज्य स्तर से इसी आधार पर समीक्षा की जाएगी।
डिप्टी सीएमओ ने आशाओं को निर्देश दिया कि वे स्वयं ड्यू लिस्ट की मॉनिटरिंग करें और टारगेट के अनुसार पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। डॉ. केपी सिंह ने आयुष्मान कार्ड, आभा कार्ड बनाने और संचारी रोगों की गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी कार्य आज नहीं तो कल करने ही हैं, इसलिए समय पर सभी कार्य पूर्ण रखें ताकि लाभार्थियों को कोई परेशानी न हो और ब्लॉक की स्थिति बेहतर बनी रहे।