जैसे चींटी ने काटा हो, पलक झपकते ही लग गया टीका
महराजगंज। करीब एक माह पहले स्कूल में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। पहले तो मन में डर लग रहा था, लेकिन शिक्षकों ने समझाया तो भ्रम दूर हुआ। चींटी के काटने जैसा महसूस हुआ, फिर पलक झपकते ही टीका लग गया। कोरोना रोधी टीका लगवाने में कोई परेशानी नहीं है। यह टीका सभी किशोरों को जागरूकता के साथ लगवाना चाहिए।
यह कहना है कि आरपी इंटर कालेज सिसवा के 11वीं के छात्र विवेक कुशवाहा का। उन्होंने बताया कि टीका लगाने के बाद कोई दिक्क्त नहीं हो रही है। डरने की जरूरत नहीं है। वहीं 11वीं की छात्रा शांभवी मद्देशिया ने बताया कि टीका लगा चुका है। स्कूल के तमाम विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ लगवाया है। छात्रा खुशी सोनी ने बताया कि टीका बेहद जरूरी है। राज राव ने बताया कि टीका लगने से होने वाले लाभ के बारे में स्कूल में शिक्षकों ने ठीक ढंग से समझाया।
----
टीकाकरण की प्रगति ठीक नहीं
-15 से 17 वर्ष तक के किशोरों को टीका लगाने में रैंकिंग 61वें पायदान पर है। वहीं 12 से 14 वर्ष तक के किशोरों को टीका लगाने में जनपद की रैंकिंग 67 वें पायदान पर है। जिले में 15 से 17 वर्ष के 81.45 प्रतिशत किशोर प्रथम डोज लगवा चुके हैं। 12 से 14 वर्ष के महज 14.44 प्रतिशत ने ही टीका लगवाने में रूचि दिखाई है। आशा कार्यकर्ता के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है।
---
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकारण बेहद जरूरी है। सभी लोगों को बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देने की जरूरत है। बच्चे स्कूल भी अब नियमित जाने लगे हैं, तो ऐसे में टीका लगवा देने के बाद काफी राहत मिली है।
राघव कुशवाहा, अमडिहां
-----
पहले जब बच्चे को टीका नहीं लगा था तो मन में डर लगता था, लेकिन जबसे बेटे को टीका लगवा दिया गया, तबसे मन का डर समाप्त हो गया। सभी लोगों को चाहिए कि बच्चों को जल्दी टीका लगवा लें।
संतोष राव, बसंतपुर
--
कोरोना रोधी टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। इसमें डरने की जरूरत नहीं है। टीकाकरण केंद्र पर आसानी से टीका लगा रहा है। इसमें घबराए नहीं, बच्चे को नजदीकी केंद्र पर ले जाकर टीका लगवाएं।
गोविंद मद्धेशिया, गोपाल नगर, सिसवा
----
जब सभी लोग जागरूक होंगे, तभी टीकाकरण का ग्राफ बढ़ेगा। बच्चों को टीका लगवाने में जागरूकता दिखाएं। बीते दिनों मेरे बेटे को टीका लगा कोई परेशानी नहीं है। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण कारगर उपाय है।
राजकुमार सोनी, गोपाल नगर, सिसवा
--
स्कूलों में कैंप लगाकर किशोरों को कोरोना रोधी टीका लगाने की व्यवस्था बनी है। अधिक से अधिक किशोरों को टीका लगाया जाएगा। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाना बेहद जरूरी है। अभिभावकों को जागरूक करने की कोशिश की जा रही है।
डॉ. एके श्रीवास्तव, सीएमओ