महराजगंज। जनपद के 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई का रास्ता साफ होता जा रहा है। इस सत्र में सभी स्कूलों में तय मानक के अनुरूप 12वीं कक्षा में प्रवेश लगभग पूर्ण है। अब विभाग इनके पुराने भवनों व छात्रावास को उच्चीकृत करवाने की कवायद में जुटा है। पांच स्कूलों के उच्चीकरण व छात्रावास के लिए धन अवमुक्त है। तीन स्थानों पर कार्यदायी संस्था सीएनडीएस ने आधा काम किया है।
कस्तूरबा की बालिकाओं को 12वीं तक निशुल्क आवासीय शिक्षा मिलेगी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में छात्राएं रह कर इंटर तक की पढ़ाई करेंगी। वन ग्राम फरेंदा और निचलौल में जहां सत्र शुरू है। वहीं पांच अन्य में भी सितंबर माह के बाद सत्र शुरू हो जाएगा। बृजमनगंज, धानी, पनियरा, घुघली व मिठौरा ब्लाॅक में कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल को उच्चीकृत कर छात्रावास निर्माण के लिए प्रति स्कूल 4.53 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के जेई सत्येंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि बृजमनगंज, घुघली व मिठौरा में काम लगभग आधा पूर्ण हो गया है। पनियरा में चिह्नित भूमि पर जहां पानी भरा है वहीं धानी की जमीन पर पेंच फंसा है।
दो कस्तूरबा स्कूल में 12वीं तक शिक्षा देने की व्यवस्था शुरू है। पांच अन्य में व्यवस्था दो माह में शुरू होगी। सत्र पूरा होने से पहले सभी स्कूलों में व्यवस्था व पाठ्यक्रम प्रभावी करा दिया जाएगा।
-श्रवण गुप्ता, बीएसए