महराजगंज। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन करने के लिए विभाग ने एआई आधारित सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्ट्रांग रूम की निगरानी स्वदेशी कंपनी निर्मित एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से लैस नाइटविजन कैमरों से की जाएगी। डीआईओएस कार्यालय से जारी निर्देश पत्र के तहत इस बार परीक्षा केंद्रों के निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है।
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरों को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी केंद्रों पर लगाए गए नाइट विजन कैमरे कम से कम 24 घंटे की रिकॉर्डिंग क्षमता वाले होने चाहिए। जिले में 278 माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों से इस बार हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में 70,707 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा केंद्रों पर जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का पत्र जारी किया गया है। ताकि सभी स्कूल जरूरी संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। राजकीय माध्यमिक सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल यादव ने जानकारी देते हुए बताया इस बार परीक्षा केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम जहां पर प्रश्नपत्र रखे जाएंगे वहां निगरानी के लिए हाई-क्वॉलिटी नाइट विजन कैमरे लगाने का निर्देश हैं।