जंगल में न लगे आग, तैयार हुआ वन विभाग
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। धूप तेज होने के साथ ही गर्म हवा चलनी भी शुरू हो गई है। ऐसे में जंगल व वन क्षेत्र में आग लगने की आशंका को देखते हुए विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। विभाग सोहगीबरवां वन्य जीव प्रभाग को आग की घटनाओं से बचाने की तैयारी तेज कर दी है। विभाग ने जहां सभी रेंजों में सात कंट्रोल रूम स्थापित किया है। तीन-तीन और चार-चार कर्मियों को शामिल करके 29 टीमें भी गठित कर दी गई हैं।
टीम में शामिल लोग जंगल में आग लगने की सूचना पर तत्काल सक्रिय हो जाएंगे सूचना संबंधित रूम को देकर आग बुझाने में जुट जाएंगे। टीम के सभी सदस्यों को जंगल में आग बुझाने के तौर - तरीकों की भी जानकारी दे दी गई है। टीम में शामिल लोगों को धूप तेज होने के मद्देनजर अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त भी करते रहने को कहा गया है। सोहगीबरवां वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने कहा कि सभी सातों रेंजों में से प्रत्येक में एक - एक कंट्रोल रूम खोले गए हैं। आग की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए वनकर्मियों की 29 टीमें भी गठित की गई हैं। इसमें से मधवलिया रेंज में चार, निचलौल में छह, शिवपुर में पांच, लक्ष्मीपुर में चार, उत्तरी चौक में चार, पकड़ी में पांच, दक्षिणी चौक में पांच टीमें गठित की गई हैं।