चौक बाजार। चौक स्थित दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज में बुधवार को थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज 5 के द्वितीय चरण के तहत बालिकाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपनिरीक्षक राहुल कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या ऑनलाइन अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें और शिकायत दर्ज कराने में बिल्कुल भी संकोच न करें। वहीं महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव ने बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और हर परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं और उनमें सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाते हैं। इस अवसर पर हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव, आरक्षी विशाल प्रजापति, प्रधानाचार्य डॉ. हरिंद्र यादव सहित विद्यालय के शिक्षकगण व छात्राएं मौजूद रहीं।