नौतनवा। जमीन से जुड़े विवाद में न्याय की मांग को लेकर ग्राम सभा शीशगढ़ निवासी चाचा और भतीजा मंगलवार की सुबह तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए।
धरना दे रहे हरिराम और उनके भतीजे संजय ने बताया कि ग्राम सभा शीशगढ़ में उनकी कुछ जमीन है। सरकारी दस्तावेज (खतौनी) में भी उनकी पत्नी का नाम दर्ज है। उक्त जमीन पर वह अपना कृषि कार्य भी करते आ रहे हैं। आरोप है कि उनके विपक्षियों द्वारा विवाद उत्पन्न कर बिना किसी कारण के उक्त जमीन पर उन्हें कृषि कार्य करने से रोका जा रहा है।
इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार स्थानीय प्रशासन से शिकायत की। वे दोनों 17 जुलाई को भी नौतनवा तहसील में धरना देने आये थे लेकिन अधिकारियों ने आश्वासन देकर उन्हें धरना देने से रोक दिया था। बावजूद इसके आज तक न्याय नहीं मिला। इससे थक-हारकर उन लोगों को धरने पर बैठना पड़ा। धरने पर बैठे हरिराम एवं संजय का कहना है कि अब जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती है तब तक धरना जारी रहेगा।